
करनाल ( रजत राणा )
डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने मंगलवार को करनाल व घरौंडा अनाज मंडी का दौरा किया और धान खरीद प्रबंधों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने निरीक्षण के दौरान मंडी में गेट पास प्रणाली को देखा और कहा कि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न आनें दे। उन्होंने सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने मंडी में पहुंचकर धान की ढेरियों पर नमी मापक यंत्र से नमी की जांच करवाई। इसके साथ ही उन्होंने गेट पास व बायोमेट्रिक प्रक्रिया का भी जायजा लिया। इसके साथ ही मंडी में इलेक्ट्रॉनिक कांटे लगाने और इससे संबंधित प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मंडी में उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की और कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया और कहा कि साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की फसल की समय पर खरीद, उठान और भुगतान सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सभी खरीद एजेंसी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और निर्धारित मानकों के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला में धान की खरीद का कार्य सुचारू रूप से जारी किया जाए। किसान अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने आढ़तियों, व्यापारियों व किसानों से मुलाकात की और कहा कि धान खरीद के कार्यों में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
इस मौके पर एडीसी डॉ राहुल रईया, एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, एसडीएम घरौंडा अनुभव मेहता, डीएफएससी मुकेश कुमार व हैफेड के डीएम सुरेश वैद, आढ़ती एसोसिएशन व व्यापारी मौजूद रहे।






