चाकू से युवक की हत्या करने के मामले में आरोपी काबू, थाना असंध पुलिस की कार्रवाई।

1

 

करनाल ( वायरल हरियाणा न्यूज )

जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल के कुशल मार्गदर्शन में गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना असंध पुलिस ने गांव सालवन में युवक मयंक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में आरोपी अरविंद उर्फ काका निवासी गांव सालवन, जिला करनाल को गिरफ्तार किया है।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी असंध गोरखपाल राणा ने बताया कि दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को थाना असंध पुलिस को अमृतधारा अस्पताल, करनाल से मयंक पुत्र राजबीर निवासी गांव सालवन के अस्पताल में मृत अवस्था में लाए जाने संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मृतक की माता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार,उसका बेटा मयंक दिनांक 30 सितंबर 2026 की देर शाम असंध से अपनी कार से घर वापस आया था। घर पहुंचकर जैसे ही वह अपनी कार को घेर में पार्क करके नीचे उतरा, पहले से घात लगाकर बैठे अरविंद उर्फ काका ने उस पर चाकू से हमला कर और मौके से फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल मयंक को उपचार के लिए पहले सिविल अस्पताल असंध तथा बाद में अमृतधारा अस्पताल करनाल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मुकदमा नंबर 568 दिनांक 01 अक्टूबर 2026को संबंधित धाराओं के तहत थाना असंध में दर्ज किया गया। मामले में थाना असंध प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद उर्फ काका निवासी गांव सालवन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी से वारदात के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

6 महीने पहले हुई थी मयंक की शादी –

अपने परिवार का इकलौता बेटा था मयंक। कई वर्ष पूर्व उसके पिता की मृत्यु हो चुकी हैं। मयंक की शादी 6 महीने पहले ही हुई थी। अब परिवार का इकलौता चिराग भी बुझ चूका हैं।