कुरुक्षेत्रएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
शिकायतकर्ता राजिंद्र।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में कनाडा भेजने के नाम पर गोगामेड़ी पर बैठने वाले बाबा ने 6 लाख रुपए हड़प लिए। आरोपी ने भक्त मंडली के साथ 6 महीने का वीजा लगवाकर देने का आश्वासन दिया था। बाबा इस तरह से कई लोगों से पैसे की धोखाधड़ी कर चुका है। पुलिस ने आरोपी रविंद्र कुमार निवासी लक्ष्मण काॅलोनी थानेसर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी लगाता था चौंकी
मछरौली निवासी राजिंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने भाई सुखविन्द्र सिंह व भतीजे संदीप के साथ गांव खरींडवा में गोगामेड़ी पर माथा टेकने के लिए जाता था। यहां आरोपी रविंद्र कुमार, उसका बेटा अभि बाली और बेटी मुस्कान चौंकी लगाते थे। बातचीत में रविन्द्र कुमार ने उसे भक्त मंडली बनाकर कनाडा ले जाने का आश्वासन दिया। आरोपी ने कहा कि वह भक्त मंडली में 5/6 लोगों को विदेश ले जाता है और वहीं छोड़कर आ जाता है।
इस एवज में आरोपी ने उनसे प्रति व्यक्ति 2 लाख रुपए मांगे थे। यकीन कर मार्च 2022 को संदीप ने आरोपी अभि के खाते में 1 लाख रुपए डलवाए। उसके बेटे ने 26 हजार रुपए गूगल-पे के माध्यम से अभि को ट्रांसफर किए। कुछ दिन बाद सुखविन्द्र ने 2.21 लाख और उसने 1.70 लाख रुपए का इंतजाम करके आरोपियों को दिए थे।
स्पॉन्सर के नाम ली थी बकाया राशि
कुछ दिन बाद आरोपियों ने स्पॉन्सर के कागजात दिखाकर बकाया राशि मांगी। यकीन होने पर उसने 1.65 लाख व संदीप ने 91 हजार और सुखविन्द्र ने 2.21 लाख रुपए दिए थे। शिकायत करने पर आरोपियों ने जो चेक दिए थे उनका पहले ही अपना खाता बन्द कर दिया था। वहीं आरोपियों ने संदीप व सुखविंद्र का पासपोर्ट बनाने के लिए 21-21 हजार रुपए अलग से लिए थे, मगर आरोपी उनका पासपोर्ट भी रखे हुए हैं।
इस मामले में पुलिस ने अभि बाली, मुस्कान सहित उनके पिता रविन्द्र कुमार के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट, 406 और 420 तहत FIR दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
.