महिला ASI से दुष्कर्म आरोपी जजपा नेता संदीप गढ़ी मुंबई से गिरफ्तार; पीड़िता- शादी के लिए कहा तो गर्भ गिरा दिया

194

हरियाणा के कैथल जिले के गांव गढ़ी निवासी जजपा नेता संदीप गढ़ी को महिला एएसआई से दुष्कर्म करने के आरोप में सीआईए-2 पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को भागने में मदद करने वाले एक अन्य आरोपी को भी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि दुष्कर्म मामले में वांछित आरोपी संदीप निवासी गढ़ी को सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर सिंह की अगुवाई में एएसआई प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल नरेश कुमार, एचसी बिजेंद्र सिंह तथा सिपाही जयवीर सिंह की टीम द्वारा जुहू मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी संदीप को भागने में मदद कर रहे सुरेंद्र उर्फ काला निवासी खुराना को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। एक महिला एएसआई की शिकायत पर दर्ज मामले के अनुसार, वह शादीशुदा है, लेकिन पति से अलग रहती है। जनवरी 2016 में संदीप उसे मिला और कहा कि वह अविवाहित है और उससे शादी करना चाहता है। उसने झूठी बात बोल कर उसके साथ दोस्ती का रिश्ता बना लिया।

एक दिन संदीप उसके घर जूस लेकर पहुंचा, जिसे पीने पर वह बेहोश हो गई। इस बात का फायदा उठाकर उसन दुष्कर्म किया और उसके अश्लील फोटो भी खींच लिए। इसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करता रहा। साथ ही अप्राकृतिक संबंध बनाता रहा। वर्ष 2018 में आरोपी उसके घर से 20 तोले सोना निकाल कर ले गया और पूछने पर बताया कि वह जुए में हार गया।

शादी के लिए कहा तो गर्भ गिराया

पीड़िता ने बताया कि दिसंबर 2020 में वह गर्भवती हो गई। उसने इस बारे में संदीप से बात की और शादी करने के लिए कहा, लेकिन संदीप जनवरी 2021 में अपनी पत्नी सुमन के साथ उसके घर आया और गर्भ गिराने की बात करने लगा। उसने गर्भ गिराने से मना कर दिया तो संदीप ने उसे नीचे गिरा दिया और उसकी पत्नी ने उसके मुंह में दवा डाल दी। इससे गर्भपात हो गया। पिस्तौल दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। संदीप, उसकी पत्नी और एक युवक गौरव द्वारा उसका शारीरिक और मानसिक रूप से शोषण किया गया।

इंस्पेक्टर नन्ही कर रही है जांच

इसके बाद उसके फोटो पर गंदे कमेंट लिखकर थाने में भेजे गए। उक्त शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपी फरार चल रहा था, जिसे पुलिस द्वारा मुंबई से काबू कर लिया गया। उक्त मामले में आगामी जांच लेडी इंस्पेक्टर नन्ही देवी द्वारा करते हुए आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।