अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शिल्पकारों का हुनर व शिल्पकला के साथ हरियाणा पैवेलियन के लजीज व्यंजन पर्यटकों को रिझाएंगे। यही नहीं लजीज स्वाद के साथ-साथ एक लाख रुपए का इनाम भी जीतने का मौका मिलेगा। हिंदुस्तान के सबसे बड़े परांठों में शामिल 3 बड़े परांठे खाने वाला मालामाल होगा।
हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक विभाग के हाथों में पहली बार हरियाणा पैवेलियन की कमान होगी। पैवेलियन में भीम रसोई में लजीज व्यंजनों के साथ हरियाणवीं पकवानों का भी पर्यटक स्वाद चखेंगे। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की निदेशिका प्रतिमा चौधरी के मुताबिक पुरुषोत्तमपुरा बाग में बनाए जाने वाले हरियाणा पैवेलियन में हरियाणवीं संस्कृति की झलक दिखाई देगी।
भीम रसोई में रोहतक वालों का है देश का सबसे बड़ा परांठा
ओएसडी गजेंद्र फौगाट के मुताबिक रोहतक वालों का हिंदुस्तान का सबसे बड़ा परांठा है। इसकी लंबाई तकरीबन दो फीट है। परांठे के साथ दही, चटनी, आचार व मक्खन मिलेगा। परांठे खाने की शर्त है कि एक साथ बैठकर 3 परांठे खाने वाला ही इनाम का हकदार होगा। परांठे की कीमत 250 रुपए परांठे की 8 वैरायटी हैं। इसमें पनीर, आलू, गोभी, आलू-प्याज मिक्स व सिंपल परांठा शामिल है। पिछले 8 साल से 4 दोस्त परांठे बनाने का काम कर रहे हैं। उन्हाेंने 3 परांठे खाने का खुला चैलेंज दिया है। हरियाणा सरकार की ओर से पहली बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में इस चैलेंज को पर्यटकों के लिए रखा है। यदि पर्यटक एक साथ 3 परांठे खाता है तो उसे एक लाख का नकद इनाम व बुलेट मोटरसाइकिल मिलेगी।
भीम रसोई में मिलेगा परांठा
भीम रसोई आकर्षण का केंद्र होगी तो भीम की खुराक खाने वाला पर्यटक हरियाणा पैवेलियन से मालामाल होकर लौटेगा। दावा है कि भीम रसोई में देश का सबसे बड़ा परांठा तैयार होगा। ठंड में पर्यटक कुल्हड़ की चाय की चुस्की का आनंद ले सकेंगे। तीज त्योहारों पर बनने वाले पकवान माल-पुहे का भी स्वाद चखेंगे। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हरियाणा पैवेलियन बनाया जा रहा है।