5.54 लाख की कार को पड़ी मार, मारुति ने हटा दिया ये एडवांस फीचर

259

हाइलाइट्स

वैगनआर से हट गया रियर डिफाॅगर.
रियर डिफाॅगर कार का महत्वपूर्ण सेफ्टी फीचर है.
कंपनी ने कार की कीमत में बदलाव नहीं किया है.

नई दिल्ली. मारुति सुजुकी अपनी कुछ कारों के फीचर्स को अपडेट कर रही है. हाल ही में ब्रेजा के मैनुअल गियरबॉक्स वेरिएंट से माइल्ड हाइब्रिड इंजन को हटाने के बाद कंपनी ने अपनी एक बेस्ट सेलिंग कार से भी एक जरूरी फीचर को हटा दिया है. बताया जा रहा है कि कंपनी ने कार की कीमत को कम रखने के उद्देश्य लिए इस फीचर को हटाया है. फिलहाल कंपनी ने इस कार की कीमत में बदलाव नहीं किया है.

बताते चलें कि मारुति वैगनआर (Maruti Suzuki WagonR) के टॉप वेरिएंट से अब रियर डिफॉगर (Rear Defogger) को हटा दिया गया है. यह फीचर पहले वैगनआर में स्टैंडर्ड तौर पर दिया जाता था, लेकिन कंपनी ने बेस वेरिएंट से इस फीचर को हटाने के बाद अब टॉप वेरिएंट से भी इसे हटा दिया है. रियर डिफॉगर वैगनआर जेडएक्सआई प्लस (ZXi Plus) वेरिएंट के मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मॉडल, दोनों में उपलब्ध था. कंपनी ने बेस वेरिएंट की कीमत को कम रखने के लिए रियर डिफॉगर को पहले ही इससे हटा दिया था. हालांकि, 7.30 लाख वाले टॉप ऑटोमैटिक वेरिएंट में भी ये फीचर अब नहीं मिलेगा.

यह भी पढ़ें: विदेशी धरती पर महिंद्रा ने जीती जंग! 4 साल के बाद मिली कार बेचने की इजाजत, इस बड़े ऑटोमोबाइल ग्रुप को लगा धक्का

जरूरी फीचर है रियर डिफॉगर
आपको बता दें कि रियर डिफॉगर ठंड और बरसात के समय ड्राइविंग के दौरान काम आने वाला एक महत्वपूर्ण फीचर है. रियर डिफॉगर नमी के कारण कार की पिछली विंडस्क्रीन पर जमने वाली धुंध को हटाकर ड्राइवर को साफ विजिबिलिटी देता है. इस फीचर से ठंड और बारिश में कार चलाते समय ड्राइवर को काफी मदद मिलती है. हालांकि, अब वैगनआर के नए ग्राहकों की इस फीचर की कमी खलेगी.

मारुति सुजुकी वैगनआर की बात करें तो कंपनी इसके बेस मॉडलों को 1.0 लीटर के-सीरीज इंजन में बेचती है, जबकि टॉप मॉडलों में यह कार 1.2-लीटर इंजन के साथ आती है. वैगनआर ZXi Plus में 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है जो 88.5 बीएचपी की पॉवर और 113 एनएम का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है. इसके मैन्युअल गियरबॉक्स वेरिएंट की कीमत 6.75 लाख रुपये और ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत 7.30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है.

यह भी पढ़ें: टाटा ने कर दिया खेल! एक तरफ Harrier और Safari पर 35 हजार का डिस्काउंट, दूसरी तरफ बढ़ा दी कीमत

कंपनी वैगनआर के बेस मॉडलों में 1.0-लीटर इंजन का इस्तेमाल कर रही है. यह इंजन 66 बीएचपी की पॉवर और 89 एनएम टॉर्क जनरेट करता है. वैगनआर की कीमत 5.54 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) से शुरू होती है.

Tags: Auto News, Car Bike News, Cars, Maruti Suzuki

.