सोनीपत में बच्चा न होने पर पत्नी पर जुल्म: मारपीट कर घर से निकाला; पति बोला- लौटी तो जिंदा जला दूंगा, FIR

166
ख़बर सुने

 

हरियाणा के सोनीपत में एक व्यक्ति ने मारपीट कर अपनी पत्नी को घर से निकाल दिया। साथ ही धमकी दी कि घर में दोबारा कदम रखा तो जिंदा जला दूंगा। महिला की MLR में 6 चोटों की पुष्टि हुई है। महिला का फिलहाल मायके में इलाज चल रहा है। गन्नौर थाना पुलिस ने पति के खिलाफ धारा 323 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

 

महिला ममता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2002 में उसकी शादी गन्नौर में गांधी नगर में रहने वाले राजपाल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसके पति का व्यवहार उसके प्रति ठीक नहीं रहा। क्योंकि वह उसके बच्चे की मां नही बन पाई। पति ने उसके मां न बनने की बीमारी का कभी इलाज भी नहीं कराया। उन्होंने वर्ष 2007 में अपने जेठ की बेटी तमन्ना को गोद ले लिया।

महिला का कहना है कि उसके बाद भी उसका पति शराब पीकर उसे बुरी तरह से पिटता है। पहले भी कई बार सफीदों पुलिस व गन्नौर पुलिस में अपनी शिकायत दे चुकी है। 12 जून की रात को एक बार फिर उसके पति ने उसे शराब के नशे में बुरी तरह से पीटा। फिर धक्के देकर घर से निकाल दिया। उससे कहा कि यदि मेरे घर में आने की कोशिश कि तो तुझे जिन्दा जला कर मार दूंगा। वह सुबह अपनी जान बचा कर किसी तरह से मायके सफीदों जींद आ गई।

ममता ने बताया कि उसके भाई ने उसे घायलावस्था में अस्पताल में दाखिल कराया। डॉक्टरों ने महिला की जो MLR रिपोर्ट दी है, उसमें उसे शरीर पर 6 चोटों के निशान मिले हैं। अब महिला ने थाना गन्नौर में इसको लेकर शिकायत दर्ज कराई। गन्नौर थाना के SI अशोक कुमार ने बताया कि ममता के भाई विजय ने थाने आकर अपनी बहन की ओर से एक शिकायत दी है। पुलिस ने ममता के पति के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

 

खबरें और भी हैं…

.