मूसेवाला मर्डर का आरोपी जोगा कोर्ट में पेश: मानसा पुलिस ने 2 दिन के रिमांड पर लिया; शूटरों को दी थी पनाह

202

मानसा2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी जोगिंदर सिंह जोगा को मानसा कोर्ट में पेश करने ले जाती पुलिस।

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में आरोपी जोगिंदर सिंह जोगा को मानसा पुलिस ने भोंडसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया। जिसके बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी को मानसा कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

बता दें कि आरोपी जोगा ने मूसेवाला की हत्या करने वाले शूटरों को उकलाना क्षेत्र में शरण दी थी। हरियाणा के जींद जिले का जोगिंदर सिंह उर्फ जोगा गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद था। जिसे मानसा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। जोगा के संबंध लॉरेंस और गोल्डी बराड़ गैंग से बताए जा रहे हैं। आरोपी का संबंध मानसा के CIA थाने से भागे दीपक टीनू से भी बताया जा रहा है।

कोर्ट से पहले गिरफ्तारी की ली इजाजत
जोगिंदर सिंह उर्फ जोगा ने मानसा CIA से भागने के बाद भी टीनू की मदद की थी। एडवोकेट सतिंदरपाल सिंह मित्तल ने बताया कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मामले में जोगिंदर PO घोषित किया गया था। कोर्ट से पहले आरोपी की गिरफ्तारी की इजाजत ली गई थी। जिसके बाद पुलिस ने उसे गुरुग्राम की भोंडसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया।

आज उसे मानसा कोर्ट में पेश किया गया। जहां पुलिस ने आरोपी की 7 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने सिर्फ 2 दिन की रिमांड ही मंजूर की है।

29 मई 2022 को हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या
सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पंजाब सरकार के मुताबिक इस मामले में अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, दो आरोपी मुठभेड़ में मारे गए और 5 को भारत के बाहर से लाया जाना है।

इसके लिए राज्य सरकार केंद्र और अन्य एजेंसियों के संपर्क में हैं। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस गैंग का गोल्डी बराड़ है।

खबरें और भी हैं…

.