- Hindi News
- Local
- Chandigarh
- Doctors’ Strike Ends On Third Day In Chandigarh| GMCH 32 Hospital Update| Chandigarh Doctor Strike Update
चंडीगढ़24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल (GMCH) में पिछले तीन दिन से चल रही डॉक्टरों की हड़ताल आज समाप्त हो गई। चंडीगढ़ के हेल्थ सेक्रेटरी अजय चगती से प्रदर्शनकारी डॉक्टरों (PGJR) की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। इसमें हेल्थ सेक्रेटरी ने जल्द ही उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया है। तीन दिन पहले ही सातवें पे कमीशन की संशोधित फाइल को वित्त विभाग के पास भेजा है। अब वित्त विभाग इस पर जल्द फैसला लेगा।
सलाहकार पहुंचे थे अस्पताल
चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित के सलाहकार धर्मपाल आज GMCH-32 में दो लेबोरेटरी का उद्घाटन करने पहुंंचे थे। इस दौरान भी प्रदर्शनकारी डॉक्टरों और सलाहकार की बातचीत हुई थी। इस बातचीत के दौरान प्रदर्शन समाप्त करने का फैसला हुआ है।
पहले भी हुई थी कई बैठकें
डॉक्टरों की मांग को लेकर पहले भी कई बार जूनियर रेजिडेंट और चंडीगढ़ प्रशासन के बीच बैठक हुई थी लेकिन उनका कोई नतीजा नहीं निकला था। इस कारण मंगलवार से 240 जूनियर रेजिडेंट्स डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे। उन्होंने इमरजेंसी सर्विस को छोड़कर वार्ड और ओपीडी की सेवाएं बंद कर दी थीं। इस कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
कंसल्टेंट और सीनियर रेंजिडेंट्स डॉक्टरों की छुट्टियां करनी पड़ गई थीं रद्द
जूनियर रेजिडेंट्स डॉक्टरों की हड़ताल के कारण मरीजों को काफी परेशानियां आ रही थीं। इस कारण अस्पताल प्रशासन ने कंस्लटेंट और सीनियर रेजिडेंट्स डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द करनी पड़ गई थी। इसके बावजूद अस्पताल में मरीजों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली थीं और मरीजों को ओपीडी में काफी इंतजार करना पड़ा था।
प्रशासन ने की थी अपील
मंगलवार को जिस दिन डॉक्टरों ने हड़ताल की थी। उसी दिन चंडीगढ़ प्रशासन ने हड़ताल खत्म करने की अपील की थी। प्रशासन का कहना था कि इस तरह हड़ताल करने से काम बाधित होता है इसलिए डॉक्टरों को काम पर लौट जाना चाहिए लेकिन उस समय डॉक्टरों ने प्रशासन की बात नहीं मानी थी।
.