पानी में फंसी कार कर दी स्टार्ट? समझो हो गया लाखों का नुकसान

250

हाइलाइट्स

पानी में यदि कार बंद हो जाए तो उसे धक्का देकर बाहर निकालें.
कार को स्टार्ट करने की कोशिश न करें.
इसे टो करवा कर सर्विस सेंटर में चेक करवाएं.

नई दिल्ली. मानसून आते ही बारिश का दौर लगभग हर शहर में शुरू हो गया है. बारिश के साथ ही सड़कों पर पानी भरने की समस्या भी खड़ी हो गई है. ऐसे में कई बार सड़कों पर इतना पानी भर जाता है कि कार को चलाना भी मुश्किल हो जाता है. पानी में कार बंद हो जाती हैं और लोग परेशान होते हैं. वैसे तो यदि कार को सावधानी से पानी में चलाया जाए तो ये आसानी से निकल जाती है लेकिन यदि पानी का स्तर ज्यादा हो तो कई बार कार बंद भी हो जाती है.

पानी में यदि आपकी कार बंद हो जाती है तो ये एक खतरनाक स्थिति है. ऐसे में आपकी कार के इंजन और सस्पेंशन को काफी नुकसान पहुंच सकता है. आइये जानते हैं कार पानी में कैसे बंद हो जाती है और यदि ये बंद हो जाए तो क्या करना चाहिए.

यह भी पढ़ें : 4 पहियों पर चलता हुआ महल अब आप भी करवा सकते हैं बुक, टोयोटा लेकर आई धांसू स्कीम, बस 2 लाख का होगा खर्च

कैसे बंद हो जाती है पानी में कार

  • जब भी आप पानी से भरी सड़क पर कार चलाते हैं तो इंजन तक पानी पहुंचने के दो रास्ते होते हैं. एयर फिल्टर के जरिए पानी कार के इंजन तक पहुंच सकता है, एयर फिल्टर का इनटेक पाइप ज्यादातर कारों के नीचे दिया गया होता है. ऐसे में इंजन के लिए हवा खींचने के दौरान उस पाइप से पानी भी आ जाता है और वो इंजन तक पहुंच जाता है.
  • दूसरा रास्ता होता है एग्जॉस्ट पाइप के जरिए. कार को पानी में चलाने के दौरान यदि एक्सलरेटर से पैर हटता है या गियर बदलने के लिए क्लच का यूज किया जाता है तो एक्सलरेटर से पानी अंदर तेजी से दाखिल होता है. एयर फिल्टर के मुकाबले एग्जॉस्ट पाइप से ज्यादा क्वांटिटी में पानी अंदर जाता है और ये इंजन को काफी नुकसान पहुंचाता है.

ऐसे में क्या करें
यदि कार पानी में चलने के दौरान झटके के साथ बंद हो गई है तो समझ लीजिए इंजन में पानी चला गया है. इसके बाद कार को स्टार्ट करने की कोशिश बिल्कुल न करें. कार को धक्का मार के पानी के बाहर लाएं और किसी रैंप या ऊंची जगह पर ऐसे खड़ा करें कि इंजन की तरफ से कार ऊपर हो जाए. कार के बोनट को खोल दें और कम से कम एक घंटे तक इंतजार करें.

इस बीच ऑयल गेज निकाल कर चेक करें यदि उस पर पानी आ गया है तो तत्काल कार को टो करवा कर सर्विस स्टेशन ले जाएं. यदि ऐसा नहीं है तो 1 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद कार को सिर्फ एक बार सेल्फ देकर स्टार्ट करने की कोशिश करें. यदि ये स्टार्ट नहीं होती है तो कार को सीधे सर्विस सेंटर पहुंचाएं. यदि ये स्टार्ट हो जाती है तो इसे चालू कर 1 घंटे के लिए खड़ा कर दें. इसके बाद कार को सर्विस सेंटर ले जाएं और इंजन को फ्लश करवाएं. ऑयल फिल्टर, ऑयल, एयर फिल्टर और डीजल फिल्टर को बदलवाएं.

ऐसा किया तो होगा बड़ा खर्च
यदि पानी के अंदर कार बंद हो जाने के बाद भी आपने बार बार कार को स्टार्ट करने की कोशिश की तो इंजन में पूरी तरह से पानी चला जाएगा. ये पानी इंजन के पिस्टन, रिंग, क्रैंक, हैड, इंजेक्टर, फिल्टर और वाटर बॉडी को पूरी तरह से खत्म कर देगा. आसान भाषा में कहें तो ये आपके इंजन की जान निकाल देगा और इसके बाद इसे सही करवाने में आपके 1 से 7 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है. ये निर्भर करता है कि आपके पास कौन सी कार है और उसका इंजन कितना बड़ा है.

Tags: Auto News, Car Bike News, Flood, Water logging

.